कांग्रेस कार्यकर्त्ता सावधान ! भाजपा नेता के चेले-चपाटे क्रेडिट लेने के लिए आगे, फोटो लेकर करवा रहे है उपस्तिथि दर्ज ?
सूरतगढ़ इंदिरा सर्किल पर टूटी सड़क और जलभराव के विरोध में कांग्रेस का धरना तीसरे दिन भी जारी, भाजपा नेता भर रहे “हाजिरी”
सूरतगढ़ में इंदिरा सर्किल पर पिछले कई महीनों से टूटी सड़क और बारिश के पानी की निकासी न होने से जनता बेहाल है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता पिछले चार दिनों से लगातार धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
दिलचस्प बात यह है कि जनता के इस आंदोलन को “समर्थन” देने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। भाजपा के कई स्थानीय नेता और पार्षद धरनास्थल पर पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ फोटो खिंचवा रहे हैं और सोशल मीडिया पर “जनता की लड़ाई” में साथ होने का दावा कर रहे हैं।
हालांकि भाजपा के बड़े और दिग्गज नेता अभी तक धरनास्थल पर नहीं पहुंचे हैं। सूत्र बताते हैं कि वे अपने करीबी कार्यकर्ताओं और “चेले-चपाटों” को भेजकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रहे हैं, ताकि बाद में यह कहा जा सके कि “हम भी जनता के साथ थे”।
कांग्रेस नेताओं ने इसे महज दिखावा बताया है। एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा, “जब सत्ता में थे तब सड़क नहीं बनवा सके, अब फोटो खिंचवाकर वाहवाही लूट रहे हैं। जनता सब देख रही है।”
धरना अभी भी जारी है और कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि जब तक जिम्मेदार अधिकारियों से लिखित आश्वासन नहीं मिल जाता और काम शुरू नहीं होता, आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इंदिरा सर्किल की यह टूटी सड़क और जलभराव लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। आने-जाने वालों को रोज़ जाम और कीचड़ का सामना करना पड़ रहा है।

