मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने में मारा छापा, नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री सील पाम ऑयल, यूरिया और कास्टिक सोडा बरामद
राजस्थान के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने शनिवार देर रात महवा क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली घी और दूध उत्पाद बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा मारा। यह फैक्ट्री दौसा-भरतपुर सीमा पर स्थित दाऊजी मिल्क फ्रूट प्राइवेट लिमिटेड के नाम से संचालित हो रही थी।
दौसा। राजस्थान के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने शनिवार देर रात महवा क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली घी और दूध उत्पाद बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा मारा। यह फैक्ट्री दौसा-भरतपुर सीमा पर स्थित दाऊजी मिल्क फ्रूट प्राइवेट लिमिटेड के नाम से संचालित हो रही थी। छापे के दौरान मंत्री मीणा ने स्वयं फैक्ट्री के अंदर बने दूध, पनीर और घी के उत्पादन की जांच की। जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में पाम ऑयल, यूरिया और कास्टिक सोडा जैसे खतरनाक रासायनिक पदार्थों का उपयोग कर नकली घी तैयार किया जा रहा था।
कैसे बनता था नकली घी
जांच टीम के अनुसार, यह फैक्ट्री आगरा से नकली दूध मंगवाती थी, जिसे रासायनिक प्रक्रियाओं के माध्यम से घी और पनीर में बदल दिया जाता था। इसके बाद इस नकली उत्पाद को देश की नामी ब्रांड कंपनियों के पैकिंग रैपर लगाकर बाजार में बेचा जाता था। मौके से करीब 15 से अधिक कंपनियों के पैकिंग रैपर और पाउच सामग्री जब्त किए गए हैं। वहीं फैक्ट्री में भरे संदिग्ध घी के टैंकरों को खाली करवाया गया और पाम ऑयल, रासायनिक पदार्थों व अन्य सामग्री को सीज कर दिया गया।

फूड इंस्पेक्टरों ने लिए सैंपल
फूड इंस्पेक्टरों की टीम ने मौके से दूध, घी और रसायनों के सैंपल एकत्र किए हैं, जिन्हें अब प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है।
पहले भी हुई थी कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, इसी फैक्ट्री पर मार्च महीने में राज्य स्तरीय खाद्य सुरक्षा विभाग ने भी कार्रवाई की थी। बावजूद इसके, फैक्ट्री संचालकों ने अवैध उत्पादन का कार्य दोबारा शुरू कर दिया।
मंत्री मीणा बोले — “लोगों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं”
मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा, “यह फैक्ट्री लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रही थी। नकली घी में मिलाए जा रहे खतरनाक केमिकल गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।” इस कार्रवाई के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सीताराम, पुलिस प्रशासन, और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

