कामा विधायक नौक्षम चौधरी का सख्त अंदाज़, वायरल वीडियो में साइबर ठगों और गौ-तस्करों को दी चेतावनी
राजस्थान के डीग जिले की कामा विधानसभा क्षेत्र से विधायक नौक्षम चौधरी एक बार फिर अपने कड़े तेवर और बेबाक अंदाज़ को लेकर सुर्खियों में हैं।
डीग। राजस्थान के डीग जिले की कामा विधानसभा क्षेत्र से विधायक नौक्षम चौधरी एक बार फिर अपने कड़े तेवर और बेबाक अंदाज़ को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे साइबर ठगों, गौ-तस्करों और विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वालों को सख्त चेतावनी देती नजर आ रही हैं।
यह वीडियो पहाड़ी क्षेत्र के गांव छपरा का बताया जा रहा है, जहां राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विकास रथ यात्रा निकाली जा रही थी। इस दौरान विधायक नौक्षम चौधरी स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचीं और उनकी समस्याएं सुनीं।
ग्रामीणों के बीच जाकर सुनी समस्याएं
विकास रथ यात्रा के दौरान विधायक ने सरकार के दो साल के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। साथ ही मौके पर ही अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में अपराध, ठगी और लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उनके इस सख्त और निर्भीक अंदाज़ को लोग सोशल मीडिया पर ‘लेडी सिंघम’ कहकर संबोधित कर रहे हैं। वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।

