Rajasthan News : ऑपरेशन ‘750’ और ‘मदप्रलय’ में बड़ा एक्शन, 5 करोड़ से ज्यादा का नशा जब्त
Rajasthan Anti Narcotics Task Force ने Rajasthan में “ऑपरेशन 750” और “ऑपरेशन मदप्रलय” के तहत बड़ी कार्रवाई कर 12 तस्करों को गिरफ्तार किया। करीब सवा पांच करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए गए।
राजस्थान में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एएनटीएफ टीम ने “ऑपरेशन 750” और “ऑपरेशन मदप्रलय” के तहत ताबड़तोड़ छापेमारी कर नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार के नेतृत्व में हुई छह अलग-अलग कार्रवाइयों में 12 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
हार्वेस्टर ऑपरेटर बनकर दबोचे इनामी तस्कर
कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश से 50-50 हजार रुपये के इनामी तस्कर गोपाल सिंह और नरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी सिंथेटिक ड्रग एमडीएमए फैक्ट्री मामले में फरार चल रहे थे और मध्यप्रदेश के आगर जिले में रिश्तेदारों के यहां छिपे हुए थे। पुलिस टीम ने खुद को हार्वेस्टर ऑपरेटर बताकर गांवों में रेकी की और तड़के छापा मारकर दोनों को पकड़ लिया।
जालौर में 81 किलो अफीम का दूध बरामद
दूसरी कार्रवाई में जालौर के सांचौर क्षेत्र से करीब 81 किलो अफीम का दूध और 19.20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा भीलवाड़ा, ब्यावर, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर में भी छापेमारी कर करीब 22 किलो अफीम, 41 किलो डोडा चूरा, 527 ग्राम अफीम और 5 किलो गांजा जब्त किया गया।
सवा पांच करोड़ से ज्यादा का नशा जब्त
पुलिस के मुताबिक इन सभी कार्रवाइयों में जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब सवा पांच करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने कई वाहनों को भी जब्त किया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई प्रदेश में नशा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।
Saloni Kushwaha 
