Rajasthan RTE Lottery : निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा के लिए लॉटरी जारी, लाखों बच्चों को मिलेगा प्रवेश
Rajasthan में Right to Education Act के तहत निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा के लिए लॉटरी जारी की गई। Madan Dilawar ने पाली से प्रक्रिया शुरू की, जिसमें 6.25 लाख विद्यार्थियों के नाम शामिल हैं।
राजस्थान में शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पाली से बटन दबाकर लॉटरी जारी की, जिससे प्रदेश के हजारों बच्चों के भविष्य का फैसला हुआ। इस बार 33 हजार से अधिक निजी स्कूलों में बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी जाएगी।
करीब 20 लाख आवेदन हुए प्राप्त
शिक्षा विभाग के अनुसार इस सत्र में कुल 19 लाख 92 हजार 357 आवेदन प्राप्त हुए थे। प्रदेश के 33 हजार 137 निजी स्कूलों में आरटीई के तहत विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। आवेदन में भरे गए स्कूलों के चयन के आधार पर लॉटरी निकाली गई है।
पसंद के स्कूल के आधार पर वरीयता
आवेदकों को अपनी पसंद के स्कूलों के क्रम के आधार पर वरीयता दी गई है। विद्यार्थी जिस स्कूल में रिपोर्टिंग करेंगे, वहां उनके वरीयता क्रम के अनुसार प्रवेश दिया जाएगा।
6.25 लाख विद्यार्थियों के नाम लॉटरी में
इस बार लॉटरी में कुल 6 लाख 25 हजार 146 विद्यार्थियों के नाम शामिल किए गए हैं। इनमें 3 लाख 29 हजार 165 बालक और 2 लाख 95 हजार 970 बालिकाएं हैं। वहीं 11 थर्ड जेंडर विद्यार्थियों ने भी प्रवेश के लिए आवेदन किया है।
1 अप्रैल से शुरू होगा नया सत्र
शिक्षा विभाग इस बार नया शैक्षणिक सत्र जुलाई की बजाय 1 अप्रैल से शुरू करने की तैयारी कर रहा है। आरटीई के तहत चयनित विद्यार्थी जैसे-जैसे स्कूलों में रिपोर्टिंग करेंगे, उन्हें प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए पहले से ही स्कूलों में सीटें आरक्षित करने की व्यवस्था की गई है, ताकि विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
Saloni Kushwaha 
