Bihar News: ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस की नेपाल में संदिग्ध मौत! खान सर कोचिंग फायरिंग केस से जुड़ा था नाम

पटना के ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर सामने आई है। प्रिंस खान सर कोचिंग विवाद और फायरिंग मामले में नामजद आरोपी था।

Bihar News: ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस की नेपाल में संदिग्ध मौत! खान सर कोचिंग फायरिंग केस से जुड़ा था नाम

बिहार की कोचिंग इंडस्ट्री से जुड़ी एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। पटना के चर्चित ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना मिली है। बताया जा रहा है कि प्रिंस खान सर की कोचिंग पर फायरिंग और तोड़फोड़ मामले में नामजद आरोपी था और घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी मौत की खबर सामने आने के बाद बिहार से लेकर नेपाल तक हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, प्रिंस नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में छिपकर रह रहा था। इसी दौरान उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालांकि अब तक नेपाल पुलिस या भारतीय एजेंसियों की ओर से उसकी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

बता दें कि ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद फिलहाल पटना की बेऊर जेल में बंद हैं। खान ग्लोबल स्टडीज के मैनेजमेंट से जुड़े कन्हैया ने रौशन आनंद और उनके भाई प्रिंस के खिलाफ कोचिंग संस्थान पर हमला कराने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। इसी मामले में प्रिंस नामजद आरोपी था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

खान सर के खिलाफ भी दर्ज हुई थी एफआईआर

खान ग्लोबल स्टडीज में हुई तोड़फोड़ और विवाद के बाद मामला और भी ज्यादा चर्चाओं में आ गया था। घटना के संबंध में चर्चित शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद खान सर ने अदालत में आत्मसमर्पण किया था। हालांकि कोर्ट से उन्हें अंतरिम राहत मिल गई थी।

मामले ने नया मोड़ तब लिया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कथित तौर पर गोली चलने का दावा किया गया था। इसके बाद पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज के दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान मिले बयानों के आधार पर फैसल खान को भी मामले में आरोपी बनाया गया था।

रौशन आनंद समेत तीन लोग हुए थे गिरफ्तार

खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान पर पथराव और तोड़फोड़ की घटना के बाद पटना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इस गिरफ्तारी के विरोध में बड़ी संख्या में छात्रों ने पटना की सड़कों पर कैंडल मार्च निकालकर प्रदर्शन भी किया था।

गौरतलब है कि घटना के तुरंत बाद खान सर ने सार्वजनिक रूप से गोलीबारी होने की बात कही थी, लेकिन बाद में उन्होंने अपने बयान से यू-टर्न लेते हुए कहा था कि गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है। अब प्रिंस की संदिग्ध मौत की खबर ने इस पूरे मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।