खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आगाज, राजस्थान में पहली बार हो रहा आयोजन
राजधानी के ऐतिहासिक आमेर फोर्ट में बुधवार शाम खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (केआईयूजी) 2025 के लोगो, मैस्कॉट, एंथम, टॉर्च और जर्सी का शानदार अनावरण हुआ। राजस्थान के खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि यह लॉन्च युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा।
जयपुर। राजधानी के ऐतिहासिक आमेर फोर्ट में बुधवार शाम खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (केआईयूजी) 2025 के लोगो, मैस्कॉट, एंथम, टॉर्च और जर्सी का शानदार अनावरण हुआ। राजस्थान के खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि यह लॉन्च युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा। इस अवसर पर राज्य के खेल मंत्री, खिलाड़ियों और विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
यह आयोजन प्रदेश में खेल संस्कृति के विकास और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के तहत देशभर से हजारों खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में हिस्सा लेंगे।
राजस्थान सरकार और केंद्र सरकार के संयुक्त प्रयासों से यह आयोजन न केवल राज्य की खेल सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगा, बल्कि स्थानीय खिलाड़ियों के लिए भी नए अवसरों के द्वार खोलेगा।
इस मौके पर युवा मामले एवं खेल विभाग के शासन सचिव डॉ. नीरज के. पवन, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के डिप्टी डायरेक्टर जनरल मयंक श्रीवास्तव, संयुक्त शासन सचिव नीतू बारूपाल और अर्जुन अवार्डी रजत चौहान सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कर्नल राठौड़ ने इस अवसर पर कहा, “यह शाम सिर्फ लॉन्च की नहीं, बल्कि लॉन्च पैड की है, जहां से युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिलेगी।” उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2025 भारत के लिए कई उपलब्धियों का वर्ष होने जा रहा है, और राजस्थान के लिए यह गर्व का क्षण है कि उसे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की मेजबानी मिली है।

