लखनऊ में भीषण अग्निकांड: कोचिंग बिल्डिंग में लगी आग, 15 लोगों की मौत, कई छात्र झुलसे
लखनऊ के अलीगंज में बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में अधिकांश छात्र शामिल हैं। राहत-बचाव कार्य जारी है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। अलीगंज इलाके स्थित एक बहुमंजिला इमारत में दोपहर करीब 2:15 बजे भीषण आग लग गई। हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें 3 महिलाएं और 12 पुरुष शामिल हैं। मृतकों में अधिकांश छात्र बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, जिस इमारत में आग लगी, उसके बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और पहले तल पर पेट शॉप और पशु क्लीनिक संचालित होता था। वहीं दूसरे फ्लोर पर ‘लर्निंग स्पेस’ नाम की लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर के साथ-साथ ‘हेड हॉपर स्टूडियो’ संचालित था, जहां 3D आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट आउटसोर्सिंग का काम किया जाता था।
जान बचाने के लिए बाथरूम में छिपे छात्र
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग तेजी से फैलने के बाद दूसरे फ्लोर पर मौजूद छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। कई छात्रों ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया, ताकि धुएं और आग से बच सकें। हालांकि धुएं के कारण कई लोग अंदर ही फंस गए।
पहली मंजिल से कूदकर बचाई जान
हादसे के दौरान जान बचाने के लिए जयंत नाम का एक छात्र पहली मंजिल से नीचे कूद गया। वहीं करीब पांच लोगों ने इमारत के बाहर मौजूद तारों और पाइपों का सहारा लेकर नीचे उतरकर अपनी जान बचाई।
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत और बचाव कार्य जारी है तथा इमारत की तलाशी ली जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अंदर कोई और व्यक्ति फंसा न हो।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

