CM भजनलाल शर्मा की पत्रकारों को आवास योजना की सौगात, जगतपुरा में बनेंगे 174 फ्लैट; 15 लाख तक की छूट
राजस्थान में पत्रकारों के लिए विशेष आवास योजना शुरू हुई है। जयपुर के जगतपुरा में 174 फ्लैट बनेंगे। 2 और 3 बीएचके फ्लैट पर 12 से 15 लाख रुपए तक की विशेष छूट मिलेगी।
राजस्थान में पत्रकारों के लिए आवास योजना शुरू की गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशनल क्लब ऑफ राजस्थान में राजस्थान आवासन मंडल की विशिष्ट पंजीकरण योजना-2026 के तहत पत्रकारों के लिए विशेष आवास योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत जयपुर के जगतपुरा स्थित इंदिरा गांधी नगर आवासीय योजना, सेक्टर-9 में पत्रकारों के लिए 174 बहुमंजिला फ्लैट बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने योजना के फेज-1 में 3 बीएचके फ्लैट की कुल लागत पर 15 लाख रुपए और 2 बीएचके फ्लैट पर 12 लाख रुपए की विशेष छूट देने की घोषणा भी की।
पूंछरी का लौठा में भी आएगी आवासीय योजना
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भरतपुर में पूंछरी का लौठा के पास विकसित हो रही सैटेलाइट सिटी में भी नई आवासीय योजना लाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले पौने तीन वर्षों में पत्रकारों के कल्याण के लिए कई पहल की हैं। स्वतंत्र पत्रकारों के अधिस्वीकरण के लिए आयु सीमा और अनुभव संबंधी पात्रता में छूट दी गई है। इसके तहत न्यूनतम आयु 45 वर्ष और अनुभव 15 वर्ष निर्धारित किया गया, जिससे 31 प्रेस प्रतिनिधियों को लाभ मिला है।

पत्रकारों के बच्चों को 43 छात्रवृत्तियां
राज्य सरकार की ओर से अधिस्वीकृत पत्रकारों के बच्चों को प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत 43 छात्रवृत्तियां दी गई हैं। वहीं, राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजेएचएस) के तहत 1,423 बीमित पत्रकारों के प्रीमियम के रूप में 2 करोड़ 15 लाख रुपए का भुगतान किया गया है।
कार्यक्रम में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, सांसद मंजू शर्मा, नगर निगम महापौर सुनील कोठारी, अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता सहित अधिकारी और पत्रकार मौजूद रहे।
जयपुर, भिवाड़ी और किशनगढ़ में 313 मकान
राजस्थान आवासन मंडल की तीन आवासीय योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। इन योजनाओं के तहत जयपुर के प्रताप नगर, अलवर के पास भिवाड़ी और अजमेर के किशनगढ़ में कुल 313 मकानों का आवंटन किया जाएगा। इनमें स्वतंत्र मकान और बहुमंजिला फ्लैट शामिल हैं।
योजना के अनुसार, जयपुर के प्रताप नगर में 146 फ्लैट, भिवाड़ी में 77 बहुमंजिला फ्लैट और किशनगढ़ में 90 स्वतंत्र मकान बनाए जाएंगे। इस तरह कुल 313 आवास उपलब्ध होंगे। ये मकान मध्यम और उच्च आय वर्ग के लिए प्रस्तावित हैं। इनकी कीमत 41 लाख रुपए से लेकर 1 करोड़ रुपए से अधिक तक निर्धारित की गई है। इच्छुक आवेदक 16 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

