अंता विधानसभा सीट पर मतदान जारी, त्रिकोणीय मुकाबला, 3 बजे तक 64.68% मतदान

राजस्थान विधानसभा चुनाव के तहत बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर आज एक ही चरण में मतदान हो रहा है। सुबह 7 बजे से 268 मतदान केंद्रों पर वोटिंग की शुरुआत हुई, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगी।

अंता विधानसभा सीट पर मतदान जारी, त्रिकोणीय मुकाबला, 3 बजे तक 64.68% मतदान

बारां। राजस्थान विधानसभा चुनाव के तहत बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर आज एक ही चरण में मतदान हो रहा है। सुबह 7 बजे से 268 मतदान केंद्रों पर वोटिंग की शुरुआत हुई, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। शुरुआती घंटों में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में हो रहा है और मतदाता उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। 

मुख्य मुकाबला तीन उम्मीदवारों के बीच

अंता सीट पर कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा के मोरपाल सुमन, कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया और निर्दलीय उम्मीदवार नरेश मीणा के बीच माना जा रहा है। तीनों ही उम्मीदवारों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ क्षेत्र में जोरदार प्रचार किया था, और अब जनता फैसला करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रही है।

बीजेपी प्रत्याशी मोरपाल सुमन ने डाला वोट

सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं।

  • कुल 3077 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
  • 95 संवेदनशील बूथों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की तैनाती की गई है।
  • सीमावर्ती क्षेत्रों में 13 अंतरराज्यीय नाके और जिले की सीमाओं पर 5 अंतरजिला नाके सक्रिय हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग और वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की गई है। मतदान कर्मियों को पर्याप्त सुरक्षा और आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं।

अंता विधानसभा उपचुनाव एक नजर में

कुल मतदाता - 2,28,264
पुरुष मतदाता - 1,16,783
महिला मतदाता - 1,11,477
अन्य मतदाता - 4
कुल मतदान केंद्र - 268
संवेदनशील बूथ - 95
पुलिस कार्मिकों का जाब्ता - 3,077
ग्रीन मतदान केंद्र – 5

मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं

  • दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर और सहायक उपलब्ध कराए गए हैं.
  • शिशुओं के साथ आने वाली महिलाओं के लिए प्रत्येक बूथ पर पालने की व्यवस्था है.
  • EVM बैलेट पेपर पर अभ्यर्थियों की रंगीन फोटो अंकित की गई है ताकि मतदाताओं को पहचान में आसानी हो.
  • प्रत्येक मतदान केंद्र पर मोबाइल फोन जमा करने के लिए जूट बैग और 2 वालंटियर तैनात किए गए हैं.

मतदाताओं में उत्साह

सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में खासा उत्साह है। वरिष्ठ नागरिक और महिलाएं भी बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंच रही हैं। चुनाव आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे शाम 6 बजे से पहले मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डालें और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

अंता उपचुनाव में सुबह से ही मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। निर्वाचन विभाग के अनुसार 3 बजे तक 64.68 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। प्रशासन ने मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए है, प्रत्येक मतदान केंद्र पर पुलिस व होमगार्ड के जवान तैनात हैं, जबकि संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भय होकर अपने मत का प्रयोग करें।

चुनाव बहिष्कार। अंता विधानसभा उपचुनाव के दौरान सांकली गांव में ग्रामीणों द्वारा मतदान बहिष्कार की घटना ने स्थानीय मुद्दों को फिर से उजागर कर दिया है।