पानी के बिल अब मोबाइल पर आएंगे, जुलाई से बंद हो सकती है पेपर बिल व्यवस्था !

जयपुर में पानी के बिल को लेकर विभाग अब स्मार्ट तरीका अपनाने वाला है, पहले बिल घर-घर कागज से दिया जाता था लेकिन अब ये बिल मैसेज से ही सभी को मिलेगा।

पानी के बिल अब मोबाइल पर आएंगे, जुलाई से बंद हो सकती है पेपर बिल व्यवस्था !

राजधानी जयपुर के पेयजल उपभोक्ताओं को अब पानी का बिल घर-घर पहुंचने वाले कागजी बिल की बजाय सीधे मोबाइल फोन पर मिलेगा। जलदाय विभाग ने बिलिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए जुलाई 2026 से पेपर बिल वितरण प्रणाली को बंद करने का फैसला किया है। इसके लिए विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर विभागीय रिकॉर्ड में दर्ज किए जा सकें।

6 लाख उपभोक्ताओं को डिजिटल बिलिंग से जोड़ने की तैयारी
जलदाय विभाग जयपुर शहर के करीब छह लाख पेयजल उपभोक्ताओं को डिजिटल बिलिंग प्रणाली से जोड़ने की दिशा में काम कर रहा है। वर्तमान में विभाग के पास अधिकांश उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण केवल लगभग 1.25 लाख उपभोक्ताओं तक ही पानी के बिल और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं डिजिटल माध्यम से पहुंच पा रही हैं।


20 जून से 30 जून तक विशेष अभियान

इसी समस्या को दूर करने के लिए विभाग ने 20 जून से 30 जून तक विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। अभियान के तहत उपभोक्ता अपने संबंधित सहायक अभियंता कार्यालय में जाकर अपनी खाता संख्या के साथ मोबाइल नंबर दर्ज करा सकते हैं। 

जुलाई से सीधे मोबाइल पर भेजे जाएंगे बिल
विभाग की ओर से एकत्र किए गए मोबाइल नंबरों को सॉफ्टवेयर में अपडेट करने के बाद जुलाई महीने से पानी के बिल सीधे उपभोक्ताओं के मोबाइल फोन पर भेजे जाएंगे। इससे उपभोक्ताओं को समय पर बिल प्राप्त होंगे और भुगतान प्रक्रिया भी अधिक आसान हो सकेगी। जयपुर अतिरिक्त मुख्य अभियंता अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि सभी सहायक अभियंताओं को इस कार्य के लिए कार्यालयों में अलग से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग को उम्मीद है कि डिजिटल बिलिंग प्रणाली लागू होने से बिल वितरण व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी और राजस्व संग्रहण में भी सुधार होगा।

स्टाफ की कमी बनी बड़ी चुनौती
जलदाय विभाग में मीटर रीडर और मीटर इंस्पेक्टर के कई पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। इसके चलते शहर के अधिकांश उपखंडों में मीटर रीडिंग और बिल वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कई क्षेत्रों में महीनों तक मीटर रीडिंग नहीं हो पाने के कारण उपभोक्ताओं को एक साथ चार से छह महीने के बिल जारी किए जा रहे हैं। एक मुश्त बड़ी राशि के बिल मिलने से उपभोक्ताओं और विभागीय कर्मचारियों के बीच विवाद की स्थिति भी बन रही है। ऐसे में विभाग का मानना है कि डिजिटल बिलिंग व्यवस्था लागू होने से इन समस्याओं में काफी हद तक कमी आएगी।

उपभोक्ताओं से अपील
जलदाय विभाग ने सभी पेयजल उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने संबंधित सहायक अभियंता कार्यालय में जाकर मोबाइल नंबर अपडेट करवाएं, ताकि जुलाई से शुरू होने वाली नई डिजिटल बिलिंग व्यवस्था का लाभ आसानी से मिल सके।


देश-दुनिया की हर अपडेट खबरें सिर्फ यहां मिलेगी। PK टाइम्स पर हर पल की जानकारी सबसे पहले, क्योंकि हमारी टीम रहती है हर पल तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहिए अपडेट। प्ले स्टोर से PKTIMES एप भी डाउनलोड कर आप देख सकते हैं तमाम खबरें।।