मेहनत, मार्गदर्शन और रणनीति का कमाल: CA फाइनल में राजस्थानी छोरों का धमाल

CA के ऑल इंडिया मेरिट लिस्ट में जयपुर के प्रणव धूत ने 7वीं रैंक प्राप्त कर देशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

मेहनत, मार्गदर्शन और रणनीति का कमाल: CA फाइनल में राजस्थानी छोरों का धमाल

द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) द्वारा घोषित सीए फाइनल मई-2026 परीक्षा परिणाम में राजस्थान के विद्यार्थियों ने शानदार सफलता हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। ऑल इंडिया मेरिट लिस्ट में जयपुर के प्रणव धूत ने 7वीं रैंक प्राप्त कर देशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं चित्तौड़गढ़ की शगुन माहेश्वरी ने 15वीं और जयपुर की हर्षिका खंडेलवाल ने 28वीं रैंक हासिल कर राजस्थान की शैक्षणिक क्षमता को नई पहचान दी है।

ICAI के अनुसार देशभर में 7,931 अभ्यर्थी इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफल हुए हैं। ऑल इंडिया स्तर पर पंजाब के पटियाला निवासी नूर सिंगला ने 600 में से 499 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। ऋतिज सराफ दूसरे और सोहन अनिल मांजरेकर तीसरे स्थान पर रहे।

इस उपलब्धि पर झालाना डूंगरी स्थित जयपुर ब्रांच के अध्यक्ष राजा मोरध्वज शर्मा ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम केवल विद्यार्थियों की मेहनत का नहीं, बल्कि उनके परिवारों, शिक्षकों और संस्थान की सुव्यवस्थित अकादमिक रणनीति का भी प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि संस्था में विद्यार्थियों की पढ़ाई और मार्गदर्शन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। नियमित मॉनिटरिंग, बेहतर अध्ययन वातावरण और लक्ष्य आधारित तैयारी के कारण छात्र राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

शर्मा ने कहा कि राजस्थान के विद्यार्थियों की यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी और अधिक से अधिक युवा चार्टर्ड अकाउंटेंसी जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित होंगे। परिणाम घोषित होने के बाद सफल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में खुशी और उत्साह का माहौल है।


देश-दुनिया की हर अपडेट खबरें सिर्फ यहां मिलेगी। PK टाइम्स पर हर पल की जानकारी सबसे पहले, क्योंकि हमारी टीम रहती है हर पल तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहिए अपडेट। प्ले स्टोर से PKTIMES एप भी डाउनलोड कर आप देख सकते हैं तमाम खबरें।।