कोटा में हाई वोल्टेज से धमाका: 7-8 घरों के उपकरण जले, अंडरग्राउंड केबल तक क्षतिग्रस्त

कोटा के नया गांव वार्ड 7 में हाई वोल्टेज के कारण बड़ा हादसा हुआ। 7-8 घरों में बिजली उपकरण जल गए, अंडरग्राउंड केबल तक क्षतिग्रस्त हो गई। लोडिंग ऑटो से केबल टूटने को वजह बताया जा रहा है।

कोटा में हाई वोल्टेज से धमाका: 7-8 घरों के उपकरण जले, अंडरग्राउंड केबल तक क्षतिग्रस्त

कोटा में हाई वोल्टेज से 7-8 घरों के उपकरण जल गए। अंडरग्राउंड केबल तक जल गई। धमाके से प्लास्टर उखड़ गया। घटना नया गांव वार्ड 7 की है। स्थानीय लोगो का कहना है कि अचानक से घमाका हुआ। पीड़ित लोग शिकायत देने जयपुर विद्युत वितरण निगम कार्यालय पहुंचे। बताया जा रहा है कि लोडिंग ऑटो में फंसकर बिजली की केबल टूट गई थी। इससे मौके से गुजर रही हाई टेंशन लाइन टच हो गई।

लोडिंग ऑटो के कारण हुई घटना

जयपुर विद्युत वितरण निगम रानपुर रीको क्षेत्र JEN हिमांशु ने बताया- घटना सुबह 10 बजे के आसपास की है। गली से लोडिंग ऑटो निकल रहा था। लोडिंग में काफी ऊंचाई तक सामान भरे हुए थे। बिजली की LT (लो टेंशन) केबल ऑटो में फंस कर टूट गई। पास ही प्रसारण निगम वालों की हाई टेंशन लाइन गुजर रही है। बिजली की टूटी केबल हाई टेंशन लाइन के टच हो गई। इससे 7-8 घरों में हाई वोल्टेज करंट दौड़ा। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना फोन पर दी है। अभी तक किसी ने लिखित में शिकायत नहीं दी।

स्थानीय निवासी विक्रम सिंह ने बताया- घटना शिव मंदिर, सरकारी बोरवेल के पास की है। एक साथ 7-8 मकानों में हाई वोल्टेज करंट दौड़ा। उस समय मैं बेड पर लेटा हुआ था। धमाका होते ही परिवार के सदस्य डर के कारण बाहर निकल गए। मकान में लगी MCB, मीटर, वायरिंग सहित अन्य उपकरण पूरी तरीके से जल गए। अंडरग्राउंड वायरिंग भी जल गई। प्लास्टर उखड़ कर गिर गया। करीब 60-70 हजार का नुकसान हुआ है।

टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखे, मीटर, MCB खराब हुए

इंद्रजीत सिंह ने बताया- धमाके के बाद घर में धुआं ही धुआं हो गया था। हाई वोल्टेज से टीवी, फ्रिज, कूलर पंखे, मीटर, MCB खराब हो गए। आसपास के घरों में भी काफी नुकसान हुआ है। अवधेश सिंह ने कहा कि ये जेवीवीएनएल की बहुत बड़ी लापरवाही है। समय रहते बिजली केबल को ठीक ऊंचाई पर कर देते तो आज यह हादसा नहीं होता। 2 दिन पहले भी यहां एक व्यक्ति को करंट लगा था।

ब्रजराज सिंह ने बताया- बम ब्लास्ट जैसा धमाका हुआ था। बिजली के बोर्डों के तो परखच्चे उड़ गए। घर की वायरिंग जल गई। टीवी, फ्रीज जल गए। काफी नुकसान हुआ है। सूचना देने के बाद भी प्रशासन ने अभी आकर सुध नहीं ली। हादसे में बड़ी जनहानि हो सकती थी।