उदयपुर में दूध के टैंकर ने सो रहे व्यक्ति को कुचला, मौके पर मौत
उदयपुर के सायरा थाना क्षेत्र में दूध के टैंकर ने रिवर्स लेते समय सो रहे व्यक्ति को कुचल दिया। हादसे में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर मौत, आरोपी ड्राइवर फरार।
उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र में दूध से भरे टैंकर ने रिवर्स लेते समय सोते व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सुआवतों का गुड़ा गांव में सुबह करीब 8 बजे का है। सायरा थाने के एएसआई शंभू सिंह ने बताया कि मृतक के पुत्र गोवर्धन सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जिसमें बताया कि उनके पिता फतहसिंह राजपूत (55) सुबह घर के बाहर आम के पेड़ के नीचे पलंग पर सो रहे थे। बाड़े में दूध से भरा टैंकर खड़ा था। जिसे ड्राइवर भगवत सिंह राजपूत निवासी नरसिंगदासजी का गुड़ा ने स्टार्ट किया। वह टैंकर को आगे-पीछे कर रहा था। तभी लापरवाही बरतते हुए टैंकर को तेज गति से रिवर्स में लिया। जिसकी चपेट में पिता फतह सिंह आ गए। वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
ड्राइवर पर लापरवाही ट्रैक्टर चलाने का आरोप
घटना की सूचना मिलते ही परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतक के बेटे गोवर्धन सिंह ने टैंकर ड्राइवर पर लापरवाह तरीके से चलाने का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। इधर, पुलिस ने टैंकर को जब्त कर लिया है, साथ ही मामला दर्ज कर आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।
Ayush Pareek 
