बाड़मेर में हिरण का शिकार, पांव तोड़ा, रेस्क्यू सेंटर में चल रहा इलाज
लोहे के फंदे की चपेट में आने से हिरण का एक पैर टूट गया।घायल हिरण को स्थानीय वन्य जीव प्रेमियों ने धोरीमन्ना रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया जहां उसका इलाज चल रहा है।
बालोतरा में शिकारियों ने कुंड (फंदा बनाकर) से हिरण का शिकार करने का प्रयास किया। लोहे के फंदे की चपेट में आने से हिरण का एक पैर टूट गया। घटना बीती रात बालोतरा के गुड़ामालनी उपखंड के बारासण गांव की है। घायल हिरण को स्थानीय वन्य जीव प्रेमियों ने धोरीमन्ना रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया जहां उसका इलाज चल रहा है। वन विभाग ने घटना स्थल का मुआयना कर एक युवक को डिटेन किया है।
पैर टूटा, रेस्क्यू सेंटर में चल रहा इलाज
रेंजर श्रीराम ने बताया- गुड़ामालनी के बारासण में हिरण का शिकार करने के लिए शिकारियों ने मिट्टी के अंदर लोहे का फंदा बनाकर दबा रखा था। रात को वहां से गुजरते समय एक हिरण का पैर फंदे में फंस गया जिससे उसका पैर टूट गया। जानकारी पर पहुंचे स्थानीय परमेश्वर, अमराराम, सदाराम और किशनाराम ने घायल हिरण को फंदे से आजाद कर धोरीमन्ना रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया।
रेंजर ने बताया कि मौके से उन्हें लोहे का फंदा मिला है जिसे जब्त कर लिया गया है। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद एक युवक को डिटेन किया है। वन विभाग की टीम जांच कर रही है। घटना से ग्रामीणों में काफी गुस्सा है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Ayush Pareek 
