कोटा में एक भीषण सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौत

कोटा के बोरखेड़ा क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से इलेक्ट्रिक ऑटो चालक की मौत। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, आरोपी फरार।

कोटा में एक भीषण सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौत

कोटा में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बोरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित बोरखंडी पुलिया पर अज्ञात वाहन ने इलेक्ट्रिक ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान देवकरण पंकज (47) निवासी ताथेड़, तहसील लाडपुरा, जिला कोटा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार देवकरण रोजाना की तरह सोमवार रात ऑटो चलाने के लिए कोटा शहर आए थे। देर रात तक ऑटो चलाने के बाद मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे वह अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बोरखंडी पुलिया के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर उसमें फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही बोरखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

बोरखेड़ा थाने के ASI करतार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ड्राइवर ऑटो के अंदर फंसा हुआ मिला, जिसे सरियों की मदद से ऑटो सीधा कर बाहर निकाला गया। इसके बाद तुरंत एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद देवकरण को मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मोर्च्यूरी में रखवाया गया है, जहां परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है।

मृतक के बेटे अजय पंकज ने बताया कि उनके पिता मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। सोमवार रात भी वह रोज की तरह काम पर निकले थे, लेकिन सुबह हादसे की सूचना मिली। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

पुलिस ने अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन और ड्राइवर की पहचान की जा सके। जल्द आरोपी को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।