जयपुर में स्कूल निरीक्षण पर बवाल, CJP टीम का ग्रामीणों ने किया विरोध; आशुतोष रांका ने लगाए गंभीर आरोप
जयपुर के बगरू क्षेत्र में सरकारी स्कूल का जायजा लेने पहुंची CJP की टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। रामपुरा-कंवरपुरा गांव स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल में CJP कार्यकर्ताओं के पहुंचते ही कुछ ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि कार्यकर्ताओं को वहां से बाहर जाना पड़ा। इसके बाद ग्रामीण स्कूल के बाहर ही विरोध प्रदर्शन करने लगे।
बताया जा रहा है कि CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका भी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचने वाले थे। हालांकि, उनके पहुंचने से पहले ही वहां विवाद की स्थिति बन गई। CJP की ओर से आरोप लगाया गया कि टीम के कुछ सदस्यों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर ग्रामीणों की ओर से विरोध का कारण स्कूल में CJP की टीम का दौरा बताया जा रहा है।
स्कल की बदहाली को लेकर उठाए सवाल
CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए स्कूल की स्थिति को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि रामपुरा-कंवरपुरा का सरकारी स्कूल लंबे समय से खराब हालात में संचालित हो रहा है और बच्चों की पढ़ाई के लिए पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। रांका ने दावा किया कि स्कूल की बदहाली का मुद्दा उठाने और व्यवस्था सुधारने की कोशिश के दौरान उनकी टीम का विरोध किया गया।
भाजपा पर लगाए विरोध प्रायोजित करने के आरोप
रांका ने इस विरोध को लेकर भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल का मुद्दा उठाने से रोकने के लिए भाजपा समर्थित लोगों के जरिए विरोध कराया गया। हालांकि, भाजपा या संबंधित लोगों की ओर से लगाए गए इन आरोपों पर प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
CJP ने स्कूल की स्थिति और बच्चों की शिक्षा से जुड़े मुद्दों को सार्वजनिक बहस का विषय बनाने की बात कही है। फिलहाल, स्कूल परिसर में हुए विरोध और मारपीट के आरोपों को लेकर दोनों पक्षों के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

