राजस्थान में भीषण गर्मी: पारा 44°C के करीब, हीटवेव अलर्ट जारी

राजस्थान में गर्मी का प्रकोप बढ़ा, पारा 44°C के करीब पहुंचा। जयपुर समेत कई जिलों में हीटवेव अलर्ट, स्कूल टाइमिंग में बदलाव लागू।

राजस्थान में भीषण गर्मी: पारा 44°C के करीब, हीटवेव अलर्ट जारी

राजस्थान में पारा 44 डिग्री के करीब पहुंच गया है। बुधवार को राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में दिनभर चली गर्म हवा और तेज धूप के कारण दिन के तापमान में 2 डिग्री तक बढ़ोतरी हुई। श्रीगंगानगर जिले में दिनभर आंधी भी चली।

जयपुर में 8वीं कक्षा तक के स्कूल समय में बदलाव किया है, जिसे 27 अप्रैल से लागू किया जाएगा। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने 24 अप्रैल से राजस्थान में हीटवेव चलने का अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में पारा 40 डिग्री से ऊपर रहा

पिछले 24 घंटे में राज्य के सभी इलाकों में मौसम साफ रहा। कोटा, पिलानी, चित्तौड़गढ़, चूरू, में बुधवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा तापमान श्रीगंगानगर में 43.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू समेत उत्तर-पूर्व के जिलों में बुधवार को दिनभर हल्की से मध्यम गति की धूलभरी हवा चली।

जयपुर में पारा 40 पार, स्कूलों की टाइमिंग बदली

जयपुर में बुधवार को दिनभर तेज धूप रही और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई। यहां अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में दोपहर में हल्की गर्म हवा चली। मौसम विभाग ने यहां अगले दो-चार दिन में गर्मी और बढ़ने की आशंका जताई है। इसको देखते हुए जिला कलेक्टर ने 27 अप्रैल से जयपुर जिले में छोटे बच्चों के स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया है।