राजस्थान में चक्रवात ‘अर्नब’ का असर, 29-30 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट; 18 जिलों में बदलेगा मौसम

राजस्थान में चक्रवात अर्नब के प्रभाव से 29 और 30 अक्टूबर को मौसम बदलने की संभावना है। जयपुर, भरतपुर और कोटा समेत 18 जिलों में बारिश का अलर्ट, 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं।

राजस्थान में चक्रवात ‘अर्नब’ का असर, 29-30 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट; 18 जिलों में बदलेगा मौसम

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर राजस्थान के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है। चक्रवात से आने वाली समुद्री हवाओं के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने और बारिश होने की संभावना है। कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। 29 अक्टूबर को जयपुर, भरतपुर और कोटा समेत 18 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।

पूर्वी राजस्थान में ज्यादा असर की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में 29 और 30 अक्टूबर को मौसम बदल सकता है। इन क्षेत्रों में बादल छाने के साथ कहीं-कहीं मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। चक्रवाती सिस्टम का प्रभाव पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में भी देखने को मिल सकता है। ऐसे में अक्टूबर के आखिरी दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं।