नितिन नवीन का राजस्थान दौरा, एयरपोर्ट से बीजेपी कार्यालय तक लम्बा ट्रैफिक
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज राजस्थान दौरे पर। टोंक में जिला कार्यालय का उद्घाटन, 6 जिलों में वर्चुअल लोकार्पण और जयपुर में भव्य स्वागत।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज राजस्थान दौरे पर रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला प्रदेश दौरा है। इस दौरान वे टोंक में भाजपा के नए जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे और छह अन्य जिलों के कार्यालयों का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पूरे दौरे के दौरान उनके साथ मौजूद रहेंगे। नितिन नवीन के स्वागत को लेकर जयपुर और टोंक में भव्य तैयारियां की गई हैं। पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया जाएगा। तय कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 10:30 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से 11:15 बजे टोंक के लिए रवाना होंगे।
टोंक में कार्यालय उद्घाटन, कई जिलों को सौगात
टोंक पहुंचने के बाद सुबह 11:30 बजे वे भाजपा जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही बूंदी, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, चूरू, पाली और बाड़मेर जिला कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन किया जाएगा, जबकि जालौर जिला कार्यालय का वर्चुअल शिलान्यास होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
जयपुर में 11 मंचों पर भव्य स्वागत
दोपहर 2:30 बजे टोंक से जयपुर लौटने पर एयरपोर्ट पर मंत्रिपरिषद के सदस्य उनकी अगवानी करेंगे। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक कुल 11 स्वागत मंच बनाए गए हैं। रास्ते में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। कई स्थानों पर पुष्प वर्षा और बाइक रैली का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रमों के बाद नितिन नवीन भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों और कोर कमेटी की बैठक लेंगे। बैठकों के बाद वे रात्रि में दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
पार्किंग की विशेष व्यवस्था
एयरपोर्ट क्षेत्र में बसों की पार्किंग EP सेंट्रल लॉन के पास तथा कारों की पार्किंग T2 और T3 टर्मिनल के आसपास सर्विस लेन व सिद्धार्थ नगर क्षेत्र में की जाएगी। ओटीएस कार्यक्रम के दौरान RIC परिसर, बीएस मेहता सभागार, कॉमर्स कॉलेज सहित आसपास के स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूटों से बचें, समय से पहले यात्रा की योजना बनाएं और वैकल्पिक मार्गों का अधिकाधिक उपयोग करें, ताकि वीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों एवं कोर कमेटी की बैठक लेंगे। बैठकों के बाद वे रात्रि में दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
Ayush Pareek 
