नरेंद्र मोदी की रैली से पहले पश्चिम बंगाल में हिंसा, गोली और बम चले
पश्चिम बंगाल के जगदल में पीएम मोदी की रैली से पहले BJP-TMC कार्यकर्ताओं में झड़प, पत्थरबाजी, फायरिंग और बमबाजी में कई घायल।
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के जगदल में सोमवार को पीएम नरेंद्र मोदी की रैली है। इससे पहले रविवार रात BJP और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। इस दौरान पत्थरबाजी, फायरिंग और देशी बम भी फेंके गए। इसमें तीन लोग घायल हुए, जबकि एक CISF जवान के पैर में गोली लगने का दावा किया गया है। जगदल के जलेबी माठ मैदान में प्रधानमंत्री की रैली होनी है। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि रैली के लिए लगाए गए पोस्टर और झंडे फाड़ दिए गए। शिकायत करने थाने पहुंचे तो TMC समर्थक भी आ गए। थाने के सामने ही बहस के बाद झड़प शुरू हो गई।
भाटपाड़ा सीट से भाजपा उम्मीदवार पवन कुमार सिंह के घर पर बम भी फेंका गया। पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। राज्य में 29 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग होगी।
बंगाल चुनाव से जुड़े बड़े अपडेट्स…
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज 2 रोड शो करेंगे। पहला कोलकाता के बेहाला थाना से मंटन तक होगा। दूसरा हुगली के चंदननगर बागबाजार में होगा।
- सीएम ममता बनर्जी आज जादवपुर और टॉलीगंज निर्वाचन क्षेत्रों से पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में जादवपुर के सुकांत सेतु से जनसभा मार्च में शामिल होंगी। इसके बाद वे अपने निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर में एक जनसभा करेंगी।
- प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को कोलकाता में रोड शो से पहले मां सिद्धेश्वरी' के नाम से प्रसिद्ध मुख्य मंदिर थंथानिया कालीबाड़ी में मां काली के दर्शन किए।
Ayush Pareek 
