दिल्ली IRS अफसर की बेटी की हत्या: आरोपी ने अलवर में भी किया था रेप, 7 घंटे में दो वारदात

दिल्ली में IRS अफसर की बेटी की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा। आरोपी ने अलवर में महिला से रेप के बाद 7 घंटे में दिल्ली में दूसरी वारदात को अंजाम दिया।

दिल्ली IRS अफसर की बेटी की हत्या: आरोपी ने अलवर में भी किया था रेप, 7 घंटे में दो वारदात

दिल्ली में IRS अफसर की बेटी की रेप के बाद हत्या करने से पहले आरोपी ने अपने दोस्त की पत्नी से भी रेप किया था। दोनों वारदात के बीच लगभग 7 से 8 घंटे का अंतर रहा। अलवर में महिला से रेप के बाद आरोपी एंबुलेंस से दिल्ली पहुंचा था। उसने डुप्लीकेट चाबी से IRS अफसर के घर में एंट्री ली थी। पुलिस ने युवक को अरेस्ट कर लिया है। अब जल्द ही अलवर पुलिस आरोपी को कस्टडी में लेगी।

अलवर एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि आरोपी राहुल मीणा (19) अलवर जिले के राजगढ़ में एक गांव का रहने वाला है। दिल्ली में IRS अफसर के नौकर था। हिसाब में गड़बड़ी होने पर उसे नौकरी से हटाया गया था। इसके बाद मार्च महीने में अपने गांव लौटा था। आरोपी और उसके दोस्त को 21 अप्रैल को एक शादी में जाना था। दोनों रात को बाइक से शादी में गए थे। वहां दोस्त को कोई बहाना बनाकर आरोपी बाइक लेकर रात करीब 11 बजे दोस्त के घर आ गया। इसके बाद दोस्त की पत्नी से रेप किया।

महिला से रेप के बाद एंबुलेंस से दिल्ली पहुंचा था

आरोपी दोस्त की पत्नी से रेप के बाद बाइक से दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेस वे पर पहुंचा। वहां एंबुलेंस को रुकवाया और उसमें बैठकर सीधे दिल्ली पहुंच गया। 22 अप्रैल को दिल्ली पहुंचने के बाद टैक्सी से सीधे IRS अफसर के घर पहुंचा और उसकी बेटी से रेप के बाद मोबाइल की चार्जिंग केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी।

डुप्लीकेट चाबी से घर में एंट्री ली थी

दिल्ली पुलिस ने बताया- राहुल घरवालों की दिनचर्या से अच्छी तरह वाकिफ था। उसे पता था कि पीड़िता के माता-पिता सुबह जिम जाते हैं। ये भी जानता था कि नौकरों के लिए घर के बाहर किस जगह डुप्लीकेट चाबी छिपाकर रखी जाती थी। इसी चाबी से वह घर में दाखिल हुआ था।

ऑनलाइन गेम में कर्ज में डूब गया था

दिल्ली पुलिस ने बताया- जांच में पता चला है कि आरोपी ऑनलाइल गेमिंग का आदी था। गेम में काफी पैसे हार चुका था और आसपास के अन्य घरेलू नौकरों से भी पैसे उधार ले रखे थे। नौकरों के मांगने पर वह पैसे नहीं लौटा रहा था। यह बात IRS अफसर तक पहुंची तो उन्होंने उसे नौकरी से निकाल दिया था।

दो लाख कैश और गहने लेकर भागा था

आरोपी सुबह 6.30 बजे घर में दाखिल हुआ। 40-45 मिनट अंदर रहा, करीब 7.15 बजे घर से बाहर आया। वह घर में आते-जाते सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दे रहा है। IRS अफसर ने दिल्ली पुलिस को बताया था कि घर से करीब 2 लाख रुपए कैश और गहने भी चोरी हुए हैं। पुलिस ने लूट का यह माल भी जब्त कर लिया है।

क्राइम के बाद कपड़े बदलकर भागा था

वारदात के तुरंत बाद पुलिस ने घर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए थे। फुटेज में देखा कि मीणा घर में दाखिल होते समय काले रंग की पैंट और पीली शर्ट पहने था। वारदात के बाद उसने कपड़े बदले और सफेद पैंट और उसी पीली शर्ट में कंधे पर बैग लटकाए बाहर जाते दिखाई दिया था।