अभिषेक चौधरी बने राजस्थान युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, नियुक्ति के बाद डोटासरा से लिया आशीर्वाद
अभिषेक चौधरी राजस्थान युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त हुए हैं। अनिल चोपड़ा वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष और राजकुमार प्रस्वाल प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए। नियुक्ति के बाद चौधरी ने गोविंद सिंह डोटासरा से आशीर्वाद लिया।
अभिषेक चौधरी को राजस्थान युवा कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भारतीय युवा कांग्रेस ने गुरुवार को उनकी नियुक्ति का आदेश जारी किया। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अभिषेक चौधरी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मिलने पहुंचे और उनका आशीर्वाद लिया।
भारतीय युवा कांग्रेस की ओर से जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार, अभिषेक चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अनिल चोपड़ा को वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष और राजकुमार प्रस्वाल को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नए पदाधिकारियों के सामने संगठन को मजबूत करने और युवा कांग्रेस की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।
5 नवंबर से जुड़ा अभिषेक चौधरी का खास संयोग
अभिषेक चौधरी की नियुक्ति के साथ 5 नवंबर की तारीख से जुड़ा एक संयोग भी सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, 5 नवंबर 2023 को ही अभिषेक चौधरी को विधानसभा चुनाव का टिकट मिला था। अब इसी तारीख को राजस्थान युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद पर उनकी नियुक्ति का आदेश जारी हुआ है।

डोटासरा से मुलाकात कर लिया आशीर्वाद
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अभिषेक चौधरी पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने डोटासरा से आशीर्वाद लिया। नियुक्ति के बाद उनकी यह मुलाकात कांग्रेस संगठन में नई जिम्मेदारी संभालने के लिहाज से भी चर्चा में रही।

