24 दिनों बाद मिला गुमशुदा फिल्म निर्देशक
बांग्ला फिल्म जगत के जाने-माने निर्देशक उत्सव मुखर्जी, जो पिछले 24 दिनों से रहस्यमय तरीके से लापता थे, आखिरकार मिल गए हैं
बांग्ला फिल्म जगत के जाने-माने निर्देशक उत्सव मुखर्जी, जो पिछले 24 दिनों से रहस्यमय तरीके से लापता थे, आखिरकार मिल गए हैं। रविवार सुबह उत्सव दिल्ली में अपने एक मित्र के घर पहुंचे। हालांकि, इतने दिनों तक वे कहाँ थे और किन परिस्थितियों में थे, इस पर अभी भी सस्पेंस बरकरार है। उत्सव के करीबी सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह वे अचानक दिल्ली में रहने वाले अपने एक पुराने मित्र के घर पहुंचे। मित्र का कहना है कि उत्सव फिलहाल काफी थके हुए हैं और उन्होंने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि पिछले 24 दिनों से वे कहां लापता थे। सूचना मिलते ही उनके परिवार और कोलकाता पुलिस को सूचित किया गया। निर्देशक की पत्नी, मौपिया बनर्जी ने बताया कि रविवार सुबह उन्हें आनंदपुर थाने से बुलावा आया था। थाने जाने के दौरान ही उन्हें दिल्ली से उत्सव के दोस्त का फोन मिला। मौपिया ने कहा, पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में मेरी उत्सव से वीडियो कॉल पर थोड़ी बात हुई है। वह बहुत थके हुए थे और सो रहे थे। पुलिस के निर्देशानुसार मैं अभी उनके सटीक स्थान के बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं कर सकती। आनंदपुर थाना पुलिस के उच्च अधिकारियों ने बताया कि लालबाजार के मिसिंग पर्सन्स स्क्वॉड' को पहले ही इसकी जानकारी मिल गई थी। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे कागजी तौर पर उत्सव के मिलने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
क्या है पूरा मामला?
उत्सव मुखर्जी बीते 2 अप्रैल की दोपहर से लापता थे। उस गुरुवार वे निमता स्थित एक बैंक में गए थे, जिसके बाद से उनका फोन बंद आने लगा। उनकी पत्नी मूपिया के मुताबिक, दोपहर 2:22 बजे उनसे आखिरी बार बात हुई थी। काफी खोजबीन के बाद आनंदपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सोशल मीडिया पर भी उनके लापता होने की खबर ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं।
मौपिया बनर्जी सोमवार को ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना होंगी। उन्होंने कहा, ‘इस वक्त मेरी प्राथमिकता उन्हें सुरक्षित कोलकाता वापस लाना है। वह शारीरिक और मानसिक रूप से काफी थक चुके हैं।’ फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि क्या यह केवल एक व्यक्तिगत फैसला था या इसके पीछे कोई अन्य कारण।
Ayush Pareek 
